बिहार : राजद नेता व महागठबंधन की ओर से सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने दो चरणों में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के बाद विभिन्न एजेंसियों की ओर से आए एग्ज़िट पोल पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि मतदान खत्म भी नहीं हुआ था कि एग्ज़िट पोल आ गया और ये सर्वे दबाव बनाने के लिए लाया गया. तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन भारी जीत दर्ज करने जा रहा है.
राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, “कल वोटिंग के दौरान लोग बड़ी कतारों में खड़े थे. लोग खड़े रहे और एग्ज़िट पोल आता है, यानी मतदान अभी खत्म नहीं हुआ कि एग्ज़िट पोल आ गया. इस तरह के सर्वे को लेकर हम न किसी खुशफ़हमी में रहते हैं और न ही गलतफ़हमी में रहते हैं. ये सर्वे केवल मनोवैज्ञानिक तौर पर जितने भी अधिकारी चुनाव में लगे हुए हैं, उनके दबाव में लाया गया है.”
तेजस्वी यादव ने कहा, “हमने पहले भी कहा था कि 14 तारीख को नतीजे आएंगे और 18 को शपथ ग्रहण होगा. यह निश्चित तौर पर होने जा रहा है… बीजेपी और एनडीए के पसीने छूट रहे हैं. वे लोग बौखलाहट में हैं और बेचैन हैं.” 14 नवंबर को होने वाली मतगणना का ज़िक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया, “पूरा प्रयास किया जाएगा कि काउंटिंग को धीमा किया जाए. मतगणना की पूरी प्रक्रिया को धीमा करवाया जाएगा.” उन्होंने कहा, “जहां ब्लास्ट और अन्य घटनाएं हुई हैं वहां कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी लेकिन लोकतंत्र की हत्या के लिए ये लोग सेना से बिहार के सभी जिलों में फ़्लैग मार्च तक करवाएंगे ताकि लोगों में दहशत पैदा हो सके.”
वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “वो (विपक्ष) लोकसभा में भी सरकार बना रहे थे और विधानसभा में भी सरकार बना रहे हैं. कुछ भी दावा कर देंगे और बिना सोचे-समझे कुछ भी बयान दे देंगे. लेकिन मालिक जनता है. जनता ने जो जनादेश दिया है उसको स्वीकारना चाहिए.”


