न्यूज डेस्क : यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया है कि ईरान के ख़िलाफ़ जब से युद्ध शुरू हुआ, तब से अब तक उसके 11,000 से ज़्यादा ठिकानों पर हमला किया गया. रिपोर्ट में कहा गया है कि इन हमलों में ईरान के 150 से ज़्यादा विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए. सेंटकॉम ने कहा, “ईरानी हुकूमत की सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने के लिए ठिकानों पर हमले किए जा रहे हैं, ख़ासकर उन जगहों पर जो तुरंत ख़तरा पैदा कर रही हैं.”
Highlights:
इसे भी पढ़ें : ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी का दावा, शनिवार को ईरान पर सबसे अधिक 701 हमले हुए दर्ज
ग़ौरतलब है कि अमेरिका-इसराइल ने ईरान पर इस साल 28 फ़रवरी को हमले शुरू किए थे. पहले ही दिन ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई समेत कई शीर्ष नेता मारे गए. हालांकि, इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान बातचीत करना चाहता है. ट्रंप के दावे के बाद भी ईरान की ओर से अभी तक बातचीत या युद्धविराम को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
शनिवार को सबसे अधिक हमले
ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद ईरान पर शनिवार को सबसे ज़्यादा हमले हुए हैं. ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (एचआरएनए) का कहना है कि 28 मार्च को ईरान में कम से कम 701 हमले दर्ज किए गए हैं. एजेंसी का कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद यह एक दिन में दर्ज किए गए सबसे अधिक हमले हैं.
एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, इन हमलों में से 74% हमले ईरान की राजधानी तेहरान में हुए हैं. एजेंसी का कहना है कि अब तक इस संघर्ष में 1,551 ईरानी आम नागरिक मारे गए हैं, जिनमें कम से कम 236 बच्चे भी शामिल हैं. 28 फ़रवरी को शुरू हुए इस युद्ध को क़रीब एक महीना हो गया है.


