न्यूज डेस्क: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। डीजीपी के आदेश के बाद आईजी मानवाधिकार कार्यालय की ओर से दो प्रोबेशनल डीएसपी के पहले किए गए पदस्थापन को रद्द कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह बदलाव खासतौर पर रांची और जामताड़ में बढ़ते साइबर अपराध को नियंत्रित करने के उद्देश्य से किया गया है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
डीएसपी प्रदीप कुमार-2 का बदला गया पदस्थापन
पूर्व अधिसूचना संख्या-2096 के तहत डीएसपी प्रदीप कुमार-2 को डीएसपी साइबर, रांची के पद पर नियुक्त किया गया था। लेकिन नए आदेश के बाद उनका यह पदस्थापन रद्द कर दिया गया है। अब उन्हें अगले आदेश तक डीएसपी जाप-10 होटवार, रांची के पद पर तैनात किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
अमित रविदास को भी मिली नई जिम्मेदारी
इसी तरह डीएसपी अमित रविदास को पहले साइबर डीएसपी, जामताड़ा के पद पर पदस्थापित किया गया था। अब विभाग ने उनका पूर्व आदेश भी निरस्त कर दिया है। नए आदेश के तहत उन्हें अगले आदेश तक डीएसपी आईआरबी-01, जामताड़ा के पद पर तैनात किया गया है। हालांकि उन्हें विशेष रूप से जामताड़ा जिले में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। जामताड़ा लंबे समय से देशभर में साइबर ठगी के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है, ऐसे में विभाग इस क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई को और मजबूत करना चाहता है।
साइबर अपराध पर फोकस बढ़ा
राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर लगातार गंभीर नजर आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया जा रहा है ताकि साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। पुलिस विभाग का मानना है कि नए पदस्थापन से रांची और जामताड़ा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें: झारखंड में 3 आईएएस अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, कार्मिक विभाग ने जारी की अधिसूचना


