रांची : रांची समाहरणालय भवन को बम से एक बार फिर उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। यह धमकी रांची डीसी के आधिकारिक ईमेल पर भेजी गई, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था तुरंत कड़ी कर दी गई। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है. जिस मेल आईडी से धमकी दी गयी है उसकी जांच भी जारी है. इस बीच बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कॉड से समाहरणालय के सभी तल्लों व कक्षों की में सघन जांच और तलाशी अभियान जारी है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : साहिबगंज के बाद तीसरी बार मिली धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट
धनबाद व साहिबगंज कोर्ट को धमकी
इधर गुरूवार को ही राज्य के धनबाद व साहिबगंज कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली. दोनों कोर्ट को धमकी ईमेल के जरिए मिली, जिसके बाद सुरक्षा जांच एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच में जुट गई. साहिबगंज कोर्ट को धमकी सुबह 11:30 बजे मिली, जिसके बाद सभी न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता कोर्ट भवन से बाहर निकल गए. एसपी अमित कुमार सिंह भी न्यायालय पहुंचे और कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय से मुलाकात कर स्थिति की समीक्षा की.
वहीं धनबाद सिविल कोर्ट को गुरूवार को तीसरी बार बम से उड़ा देने की धमकी मिली. धमकी मिलने के बाद कई थानों की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड के साथ पूरे कोर्ट परिसर की गहनता से जांच की गई. इस दौरान सीसीआर डीएसपी भी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस ने परिसर के हर कमरे, गलियारे, पार्किंग और हर कोने की बारीकी से जांच की। हालांकि, घंटों की तलाशी के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.


