धनबाद: धनबाद सदर अस्पताल की जमीन पर स्थित कुबेर होटल की बाउंड्री वॉल तोड़े जाने के बाद विवाद गहरा गया है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी समेत दर्जनों अधिवक्ताओं ने बैठक कर होटल संचालक एवं अधिवक्ता कुबेर सिंह के प्रति सहानुभूति जताई और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
इसे भी पढ़ें: धनबाद बारामुड़ी खटाल में 155 लोगो को नोटिस, 2 नवंबर तक देना होगा जवाब; अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं

जानकारी के अनुसार, उपायुक्त के सदर अस्पताल निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विस्तार में कुबेर होटल की बाउंड्री वॉल को बाधा बताया गया था। इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर अंचल अधिकारी (सीओ) ने कार्रवाई करते हुए होटल की बाउंड्री वॉल तोड़ दी।
इस कार्रवाई के बाद बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब बाउंड्री वॉल से संबंधित मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है, तो ऐसी कार्रवाई करने से पहले सभी कानूनी पहलुओं पर विचार किया जाना चाहिए। अधिवक्ताओं ने कहा कि किसी भी विवाद में कानून और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है।

वहीं, होटल संचालक कुबेर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के अचानक उनकी होटल की बाउंड्री वॉल तोड़ दी। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई से उन्हें 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। कुबेर सिंह ने कहा कि मामला पहले से न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद सीओ की ओर से की गई कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पूरे मामले में न्याय की मांग की।
बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायालय में लंबित मामले में संबंधित कानूनी पहलुओं पर विचार करना जरूरी है। बार एसोसिएशन ने कुबेर सिंह के साथ खड़े रहने की बात कहते हुए मामले में न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है।

