धनबाद : झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद में जिउतिया पर्व में परिवार के साथ स्नान के दौरान दामोदर नदी में डूबी 16 वर्षीय सोनाक्षी की तलाश रविवार सुबह खत्म हुई. कई घंटों की खोजबीन के बाद सोनाक्षी का शव सिंदरी बस्ती के समीप दामोदर नदी में तैरता हुआ मिला. शव मिलने की खबर के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में शनिवार देर रात बरवाअड्डा सब्जी मंडी में लगी आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख, असामाजिक तत्वों पर शक

बताया जाता है कि सोनाक्षी लोदना अपने नानी घर आई थी और शुक्रवार को जिउतिया पर्व के अवसर पर अपने परिवार के साथ दामोदर नदी में स्नान करने पहुंची थी. इसी दौरान वह नदी की तेज की चपेट में आ गई और देखते ही देखते वह बहकर लापता हो गई.घटना के बाद से पुलिस द्वारा सोनाक्षी की खोजबीन स्थानीय गोताखोर,भटिंडा फॉल के प्रशिक्षित गोताखोर और एनडीआरएफ की मदद से नदी में की जा रही थी. आज भी एनडीआरएफ की टीम नदी में खोजबीन कर रही थी.
इस बीच रविवार सुबह सिंदरी बस्ती के कुछ ग्रामीणों की नजर नदी में तैरते शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झरिया अंचल अधिकारी की देखरेख में शव को नदी से बाहर निकाला गया.
शव बरामद होने की सूचना मिलते ही सोनाक्षी के परिजन मौके पर पहुंचे. शव की पहचान सोनाक्षी के रूप में की गई.बेटी का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.मौके पर मौजूद ग्रामीण भी गमगीन नजर आए.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है.


