सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से जुड़े 9 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई हाल ही में हुई आगजनी की घटना की जांच के दौरान की गई।
Highlights:
आगजनी की घटना से जुड़ा मामला
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 25 जनवरी की रात जलडेगा थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कर रही एसआरएमवी कंस्ट्रक्शन कंपनी के अस्थायी कैंप पर उग्रवादियों ने हमला किया था। लचड़ागढ़ से ओड़गा तक चल रहे निर्माण कार्य के दौरान कैंप में खड़े वाहनों में आग लगा दी गई थी। मौके पर पीएलएफआई के नाम से लेवी मांगने वाले पोस्टर भी लगाए गए थे।
केस दर्ज कर शुरू हुई जांच
घटना के बाद जलडेगा थाना में कांड संख्या 05/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से 5 आरोपियों का सीधा संबंध पीएलएफआई संगठन से पाया गया है।
यह भी पढ़ें: JPSC ने झारखंड पात्रता परीक्षा(JET) की तिथि में किया बदलाव, अब 26 अप्रैल को होगी परीक्षा


