रांची : जेएसएससी ने कहा कि कोई पेपर लीक नहीं हुआ है, तथाकथित पेपर लीक अभ्यार्थियों को सवाल जवाब रटाया जा रहा था। अर्ध निर्मित बिल्डिंग से जो पेपर मिले हैं उसका आज के परीक्षा पेपर से मिलान किया गया तो 2 या 4 क्वेश्चन ही मिलान हुआ है, इस मामले में मास्टरमाइंड सहित पांच आरोपी दबोचे गए हैं. आरोप है कि इस गैंग की ओर से अभ्यर्थियों को 10-15 लाख में कथित प्रश्नपत्र बेचा जा रहा था.
Highlights:
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पेपर लीक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) परीक्षा से जुड़े 159 अभ्यर्थियों समेत कुल 164 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गिरोह के मास्टरमाइंड अतुल वत्स सहित पांच सदस्य शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : विकसित भारत का लक्ष्य महिलाओं के सहयोग और योगदान के बिना संभव नहीं : गीता कोड़ा
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को 11 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अधनिर्मित भवन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी संदिग्ध गतिविधियों में जुटे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर देर रात छापेमारी की गई। मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद अभ्यर्थियों में अफरा-तफरी मच गई और कई भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जांच में सामने आया कि भवन में कुल 164 लोग मौजूद थे, जिनमें 159 अभ्यर्थी और पांच गिरोह के सदस्य थे। यहां से प्रश्न-उत्तर के तैयार सेट, प्रिंटेड कॉपी, एडमिट कार्ड, मोबाइल फोन और बैंक चेक बरामद किए गए। गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले उत्तर रटवा रहे थे।
10 से 15 लाख रुपये तक वसूले गए
गिरोह के एजेंट अभ्यर्थियों से 10 से 15 लाख रुपये तक वसूल कर प्रश्नपत्र उपलब्ध करा रहे थे। कई अभ्यर्थियों ने भुगतान बैंक चेक के माध्यम से किया था। पुलिस से बचने के लिए अभ्यर्थियों के मोबाइल और सिम कार्ड पहले ही जमा करा लिए जाते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ वाहनों को भी जब्त किया है। तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार मास्टरमाइंड अतुल वत्स उर्फ अरुण केशरी (बिहार) का नाम पूर्व में भी कई पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है। बताया गया है कि यह संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पांच पेपर लीक का सरगना है अतुल
राजस्थान क्लर्क भर्ती परीक्षा: 2017, नीट परीक्षा पेपर लीक: 2024, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर भर्ती परीक्षा बिहार 2024, रिव्यू ऑफिसर, अस्सिटेंट रिव्यू ऑफिसर प्रारंभिक परीक्षा उत्तरप्रदेश 2024 और उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा 2024 में भी मुख्य सरगना अतुल वत्स शामिल रहा है।

