रांची : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना तथा उनके आंदोलन को लेकर चर्चा की। छात्रों को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उनकी जायज मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: सीएजी रिपोर्ट ने खोली हेमंत सरकार की विफलताओं की पोल : बाबूलाल मरांडी

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान हेमंत सरकार ने लाठीचार्ज कराया, वह निंदनीय है। छात्र शांतिपूर्ण और अनुशासन के साथ मार्च कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि झारखंड बनने के बाद पहली बार ऐसा विधानसभा मार्च देखने को मिला, जो सफल रहा। रघुवर दास ने चेतावनी दी कि यदि हेमंत सरकार छात्रों की मांगों को पूरा नहीं करती है, तो एक सप्ताह बाद वे बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर अनशन करेंगे।

बाद में उन्होंने कांग्रेस सरकार के मंत्रियों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चार मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, लेकिन विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों की हुई पिटाई की निंदा तक नहीं की। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे पर सरकार और उसके सहयोगी दलों की संवेदनशीलता कहां है?
इधर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सदर अस्पताल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

