Home विदेश नासा के आर्टेमिस 2 ने बनाया रिकॉर्ड, 56 साल पुराना अपोलो 13 का यह रिकार्ड तोड़ा

नासा के आर्टेमिस 2 ने बनाया रिकॉर्ड, 56 साल पुराना अपोलो 13 का यह रिकार्ड तोड़ा

0
नासा के आर्टेमिस 2 ने बनाया रिकॉर्ड, 56 साल पुराना अपोलो 13 का यह रिकार्ड तोड़ा

न्यूज डेस्क : नासा के आर्टेमिस 2 के चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से दूर अंतरिक्ष में उस स्थान पर पहुंचे हैं, जहां अब तक कोई इंसान नहीं पहुंचा था. ओरियन स्पेसक्राफ़्ट ने धरती से अपनी सबसे ज़्यादा दूरी तय की है. यह इंसान की ओर से अपने ग्रह से सबसे दूर जाने का नया रिकॉर्ड है. नासा ने बताया कि यह दूरी 2,52,756 मील (4,06,771 किलोमीटर) थी. धरती से सबसे दूर जाने का पिछला रिकॉर्ड 1970 में अपोलो 13 ने बनाया था.

इसे भी पढ़ें : तमिलनाडु: मदुरै कोर्ट का बड़ा फैसला, हिरासत में पिता-पुत्र की मौत के मामले में 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड

गौरतलब है कि पचास से अधिक साल बाद नासा का चंद्रमा को लेकर पहला मिशन शुरू हुआ. आर्टेमिस 2 मिशन के रॉकेट ने फ़्लोरिडा के केप कैनावेरल स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी. यह मिशन 1 अप्रैल को शुरू हुआ. 10 दिन के इस मिशन में अंतरिक्ष यात्री चांद की सतह पर नहीं उतरेंगे, बल्कि आस-पास घूमते रहेंगे. इस मिशन में तीन अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, क्रिस्टीन कोच, विक्टर ग्लोवर और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हेनसेन शामिल हैं.

ट्रंप ने अंतरिक्ष यात्रियों से की बात 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के अंतरिक्ष यात्रियों से बात की है. उन्होंने कहा कि आज इतिहास बना है और पूरे अमेरिका को गर्व महसूस हुआ है. ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के चारों अंतरिक्ष यात्रियों से कहा, “हमारे पास गर्व करने के लिए बहुत-सी बातें हैं, लेकिन जो आप कर रहे हैं, चांद के चारों ओर आधी सदी बाद घूमना और धरती से सबसे दूर जाने का रिकॉर्ड बनाना, इस जैसा कुछ नहीं है.”

ट्रंप ने आगे कहा, “इंसानों ने कभी ऐसा नज़ारा नहीं देखा. यह बहुत ख़ास है.” इसके बाद उन्होंने आर्टेमिस टीम और नासा को बधाई दी. कॉल ख़त्म होने से पहले ट्रंप ने कहा कि मिशन पूरा होने पर वे आर्टेमिस टीम से व्हाइट हाउस में मिलेंगे. उन्होंने कहा, “मैं भी काफ़ी व्यस्त रहता हूं लेकिन समय ज़रूर निकालूंगा. मैं अमेरिकी जनता की ओर से आपको बड़ा सलाम देना चाहता हूं.”