रांची: झारखंड में मानसून के प्रवेश के 10 दिन बाद अब इसकी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार और रविवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
इसे भी पढ़ें : ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर लोक भवन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन
शनिवार को रांची में 20 मिमी, गुमला में 2.5 मिमी, हजारीबाग में 1 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 23.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पिछले 24 घंटों में नामकुम में सबसे अधिक 55 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के साथ कई इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब झारखंड में सक्रिय हो चुका है। रांची सहित राज्य के पूर्वी और मध्य भागों के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 से 25 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 3.5 डिग्री कम रहा। वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि पलामू, गढ़वा और चतरा के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने 25 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।




