न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पार्टी में भविष्य की ज़िम्मेदारी पर अपना फ़ैसला साझा किया है. मायावती ने लिखा, “अगर राजनीति में कामयाब होना है और समाज के लिए कुछ करना है तो मेरी तरह अपने भाई-बहन और नज़दीकी रिश्ते-नातों के मोह से ऊपर उठकर अपनी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य काम करना होगा.”
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री को धमकी देने वाले आरोपी को कोर्ट की सख़्त चेतावनी, आसपास नहीं दिखने व सोशल मिडिया पोस्ट करने पर लगी रोक
मायावती ने कहा कि महिला होने के नाते अकेले रहने से बचने के लिए उन्हें अपने छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखना पड़ा. मायावती ने लिखा, “मुझे उनके (आनंद कुमार) बड़े बेटे आकाश आनन्द को राजनीति में आगे करना पड़ा. शादी होने के बाद से आकाश आनन्द का ऐसा रवैया और गतिविधियाँ रही हैं कि जिससे कुछ दिन पहले उन्हें फिर से पार्टी से अलग भी करना पड़ा है.”
मायावती का कहना है, “ऐसे में अब मैं आनन्द कुमार के परिवार में से किसे पार्टी में आगे करूँ या ना करूँ, इस पर काफ़ी सोच-विचार के बाद फ़ैसला किया है कि उनके परिवार से ईशान आनन्द को पार्टी में सम्मानजनक ज़िम्मेदारी दी जाएगी. फिर भी अगर उन्होंने पार्टी विरोधी ऐसा कोई भी गंभीर काम किया तो फिर इनको भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा, लेकिन तब ऐसी स्थिति में आनन्द कुमार के परिवार में से अन्य किसी भी सदस्य को पार्टी की कोई भी छोटी-बड़ी ज़िम्मेदारी नहीं दी जाएगी.”
मायावती के मुताबिक़, “उस स्थिति में पार्टी में ही काम करने वाले दलित वर्ग के किसी भी एक मिशनरी और वफादार कार्यकर्ता को ही आगे कर दिया जाएगा.”


