सरायकेला-खरसावां : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चूना भट्टी के पास स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान पर अज्ञात युवकों ने गोलियां चला दीं। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फायरिंग से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे चार युवक संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर पहुंचे। सभी युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि उस समय दुकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। फायरिंग के दौरान दुकान में मौजूद रवि कुमार को निशाना बनाने की बात सामने आई है। रवि कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान में काम कर रहे थे। तभी चार युवक आए और अचानक गोलियां चलाने लगे। स्थिति को भांपते हुए वह तुरंत टेबल के पीछे छिप गए, जिससे उनकी जान बच गई।


