कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि आई-पैक के दफ़्तर और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर ईडी के तलाशी अभियान के दौरान वह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष के नाते मौक़े पर गई थीं. ममता बनर्जी ने कहा कि मौके पर जाकर उन्होंने कोई अन्याय नहीं किया. उन्होंने कहा, “मैं राजनेता के तौर पर गई थी, मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं.”
Highlights:
ममता बनर्जी ने कहा, “आई-पैक के दफ़्तर से दस्तावेज चोरी हो रहे थे. इसी वजह से मैं मौके पर गई. ईडी सुबह छह बजे तलाशी के लिए पहुंची थी. मैं वहां दोपहर पौने 12 बजे पहुंची. साढ़े पांच घंटे के दौरान बहुत कुछ चोरी हो गया.”
ईडी और CRPF के खिलाफ प्राथमिकी
इससे पहले ममता बनर्जी ने ईडी की छापेमारी के विरोध में जादवपुर विश्वविद्यालय से हाजरा मोड़ तक जुलूस निकाला. ममता बनर्जी ने आई-पैक के दफ़्तर और प्रतीक जैन के आवास पर ईडी के तलाशी अभियान के विरोध में ईडी और सीआरपीएफ़ के कुछ अनाम अधिकारियों के ख़िलाफ़ दो अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि ‘केंद्र सरकार की उपेक्षा, अपमान और दो करोड़ लोगों से मताधिकार छीनने की कोशिश’ के विरोध में अब उनके सामने सड़क पर उतरने का ही एकमात्र विकल्प बचा है.
आई-पैक ने जारी किया बयान
इधर आई-पैक ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर बयान जारी किया है. संगठन ने कहा कि गुरुवार को ईडी के अधिकारियों ने कोलकाता में आई-पैक के कार्यालय और निदेशक प्रतीक जैन के निवास पर तलाशी अभियान चलाया. आई-पैक ने इसे एक कठिन और दुर्भाग्यपूर्ण दिन बताया है. बयान में कहा गया है कि ‘यह कार्रवाई गंभीर चिंताएं पैदा करती है.’
संगठन ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान उसने जांच एजेंसी को पूरा सहयोग दिया है और आगे भी कानून के प्रति पूरे सम्मान के साथ प्रक्रिया में शामिल रहेगा. आई-पैक ने यह भी कहा कि उसने अपने काम में हमेशा ‘व्यावसायिक सत्यनिष्ठा के ऊंचे मानकों का पालन किया है.’ संगठन का कहना है कि जो कुछ हुआ, उसके बावजूद उसका काम बिना किसी बाधा के जारी रहेगा. आई-पैक ने साफ़ किया है कि वह उन्हीं उद्देश्यों, निरंतरता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ता रहेगा, जो शुरुआत से उसके काम का आधार रहे हैं.


