नई दिल्ली : सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया है. सत्र के शुरू होने के दौरान राज्यसभा में नेता विपक्ष व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को सीजेपी प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा राज्यसभा में उठाया. मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा, “पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए हज़ारों बच्चों पर लाठीचार्ज हुआ है.” उन्होंने आगे कहा, “मोदी सरकार युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है.”
Highlights:
इसे भी पढ़ें : संसद चलो मार्च में प्रदर्शनकारियों के लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, शास्त्री भवन के पास बढ़ा तनाव
सीजेपी ने खरगे का किया धन्यवाद
इस पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को धन्यवाद करते हुए एक्स पर लिखा, “संसद में युवाओं की आवाज़ उठाने के लिए मल्लिकार्जुन खरगे का धन्यवाद!” बता दें कि सोमवार को सीजेपी के ‘संसद मार्च’ के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस भी छोड़ी गई.
संसद के बाहर खरगे का बयान
उन्होंने संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा, “जो छात्र-नौजवान दिल्ली आकर बात करना चाहते हैं, उन्हें मारना और तंग करना गलत है. हमने इस पर सरकार का कई बार ध्यान खींचा लेकिन उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ रहा. एक तरफ- बेरोजगारी है, दूसरी तरफ ये सरकार परीक्षा तक नहीं करा पा रही है, इसलिए हमारा यही कहना है कि ये सत्ता में रहने के लायक नहीं हैं.”
सीजेपी के प्रदर्शन पर बोले केजरीवाल
इधर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सीजेपी प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज को ग़लत बताया है. अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि सरकार को अहंकार छोड़कर युवाओं से बात करनी चाहिए.
पंजाब में होने की जानकारी देते हुए अरविंद केजरीवाल ने वीडियो में बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में वह देख रहे हैं कि कनॉट प्लेस, जनपथ और जंतर-मंतर पर हज़ारों की संख्या में युवा पहुंचे हैं. सरकार इन पर लाठीचार्ज कर रही है, इन्हें मार रही है और इंटरनेट बंद कर दिया, यह ग़लत है.”
उन्होंने कहा, “जब बच्चे न्याय मांगने के लिए उतरे हैं तो उन्हें पीटा जा रहा है. मैं मोदी जी से कहूंगा कि बच्चों के ग़ुस्से को संभालिए, वरना ये आप पर भारी पड़ेगा.” केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, “मैं सरकार से अपील करता हूँ कि ये हमारे ही देश के बच्चे हैं जो न्याय माँगने सड़कों पर उतरे हैं. अहंकार छोड़िए और इनकी बात सुनिए.”


