लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार यानी आज से शुरू हो गई है। प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को तीन स्तर की जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा 14 और 15 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
Highlights:
कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा की शुरुआत
दरोगा भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की तीन चरणों में जांच की जा रही है। केवल प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र के आधार पर ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी जमा करा लिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके। साथ ही परीक्षा केंद्रों की निगरानी CCTV कैमरों से की जा रही है।
वाराणसी में अभ्यर्थियों की सख्त जांच
वाराणसी के कई परीक्षा केंद्रों पर पुरुष अभ्यर्थियों को जूते, मोजे और बेल्ट उतरवाकर जांच के बाद अंदर जाने दिया गया। कुछ अभ्यर्थियों के हाथ में बंधे कलावे को भी सुरक्षा कारणों से काट दिया गया। वहीं महिला अभ्यर्थियों को भी ज्वैलरी पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। चूड़ी, बिछिया और कान के बाले उतरवाने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
दो दिनों में चार पालियों में होगी परीक्षा
दरोगा भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित की जा रही है। दोनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में होगी। जैसे पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी और दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश के 75 जिलों में कुल 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 4,543 पदों पर दरोगा की नियुक्ति की जाएगी। भर्ती के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें 11,66,386 पुरुष अभ्यर्थी और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
पेपर लीक के दावे पर FIR दर्ज
परीक्षा से पहले पेपर लीक की अफवाहों को लेकर भी कार्रवाई की गई है। कुछ टेलीग्राम चैनलों पर दरोगा भर्ती परीक्षा का पेपर 10 से 12 हजार रुपये में उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने तीन टेलीग्राम चैनलों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लखनऊ के हुसैनगंज थाने में नकल विरोधी कानून समेत अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

