Sunday, November 1, 2026

टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच आज, सलमान खुर्शीद का आया बयान

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच आज रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में लीग मुकाबला होने वाला है. दोनों ही टीम कोलंबो पहुंच चुकी हैं. मैच से पहले शनिवार को दोनों ही टीम के कप्तानों ने मैच को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. यह मैच शाम सात बजे शुरू होगा.

भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जहां हैंडशेक और अभिषेक शर्मा से जुड़े सवालों के जवाब दिए हैं. वहीं पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा से भी उस्मान तारिक़ और हैंडशेक से जुड़े सवाल पूछे गए थे.

सूर्यकुमार यादव ने हैंडशेक पर कहा है, “हम हैंडशेक को टॉस के समय देखेंगे. 24 घंटों का इंतज़ार कीजिए.” इसके अलावा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा को लेकर सूर्यकुमार ने कहा कि वो पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच में खेलेंगे. भारत के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के सवाल पर सलमान आगा ने कहा, ”हम इसके बारे में कल देखेंगे.”

सलमान खुर्शीद का बयान

लगभग दो साल के बाद दोनों ही टीम के बीच होने वाले मैच से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान ख़ुर्शीद ने खेल में सियासत पर टिप्पणी की है. सलमान ख़ुर्शीद ने कहा, “देश की भावना का सम्मान होना चाहिए. इस पर कोई दो राय नहीं है. लेकिन देश की भावना का सम्मान आंखें बंद कर, आंखें मूंद कर और दिमाग़ का इस्तेमाल न करके नहीं किया जाता है.”

उन्होंने कहा, “लीडरशिप का काम यह होता है कि आप सही रास्ता दिखाएं भी. लीडरशिप का काम सिर्फ़ यह नहीं होता कि आपको अवाम रास्ता दिखाए. अवाम का सम्मान हमेशा होना चाहिए. यह लोकतंत्र की ज़िम्मेदारी है. लेकिन लोकतंत्र में आपका यह भी दायित्व बनता है कि आप रास्ता बताएं. सही रास्ता क्या है वो दिखाएं और उस सही रास्ते पर चलने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करें.”

पाकिस्तान का बॉयकॉट

बता दें कि पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत से मैच न खेलने का एलान किया था. लेकिन आईसीसी और पीसीबी की बैठक के बाद पाकिस्तान ने अपना फ़ैसला वापस ले लिया और 15 फ़रवरी को कोलंबो में भारत से अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हो गया.

आईपीएल की टीम केकेआर से बांग्लादेशी बॉलर मुस्तफ़िज़ुर रहमान के हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मैच के लिए भारत आने से इनकार कर दिया था.

इसके बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट से बांग्लादेश को हटाकर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था. बांग्लादेश को हटाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ ही पाकिस्तान ने भारत से मैच खेलने से इनकार कर दिया था.

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर