कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी सरकार में एक जून को शपथ लेने वाले 35 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के साथ कई दौर की बातचीत के बाद बुधवार को इन मंत्रियों के विभागों पर मुहर लगा दी. बीती नौ मई को शुभेंदु के साथ पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी. उनके विभागों का बंटवारा उसी समय कर दिया गया था. दूसरे चरण में एक जून को 35 मंत्रियों ने शपथ ली थी.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने दी बधाई, कई अन्य राष्ट्राध्यक्षों ने भी दी बधाई
मुख्यमंत्री के पास गृह मंत्रालय
राज्य सचिवालय की ओर से जारी बयान में मंत्रियों के विभागों की जानकारी देते हुए बताया गया है कि गृह मंत्रालय के अलावा विधि और न्याय, भूमि और भू-राजस्व, बिजली, सूचना और संस्कृति, राहत और पुनर्वास, प्रशासनिक सुधार और पर्वतीय मामलों के मंत्रालय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास ही रहेंगे. बंटवारे के तहत स्वपन दासगुप्ता को वित्त मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है. पेशे से डॉक्टर शारद्वत मुखर्जी को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है.
तापस रॉय उद्योग और वाणिज्य मंत्री
वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और कोलकाता के मानिकतला के विधायक तापस रॉय उद्योग और वाणिज्य मंत्री बने हैं. जगन्नाथ चटर्जी को उच्च शिक्षा मंत्री और उत्तर बंगाल के भाजपा नेता दीपक बर्मन को स्कूली शिक्षा मंत्री बनाया गया है. पूर्व प्रजेश अध्यक्ष दिलीप घोष को पंचायत, कृषि विपणन और पशु संसाधन, अशोक कीर्तनिया को खाद्य और आपूर्ति, खुदीराम टुडू को आदिवासी विकास और अग्निमित्रा पॉल को शहरी विकास मंत्रालय का ज़िम्मा सौंपा गया है.
शंकर घोष को संसदीय मामलों की ज़िम्मेदारी
उत्तर बंगाल के वरिष्ठ नेता शंकर घोष को संसदीय मामलों और पर्यटन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है. उनके अलावा इंद्रनील खान को खेल और युवा कल्याण मंत्री और निशिथ प्रामाणिक को उत्तर बंगाल विकास मंत्री बनाया गया है. भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह को श्रम और परिवहन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.



