Monday, April 20, 2026

देश के नाम संबोधन में पीएम मोदी ने महिला आरक्षण कानून को लेकर महिलाओं से मांगी ‘माफ़ी’, कहा-विपक्ष को मिलेगी ‘सज़ा’

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम देश के नाम अपने संबोधन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक पास नहीं होने पर दुःख जताते हुए देश की महिलाओं से माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि इस बिल के पास नहीं होने देने के कारण देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को कुचल दिया गया है.

पीएम मोदी ने कहा, “हमारे भरसक प्रयासों के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए. नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं हो पाया. मैं सभी माताओं, बहनों से माफ़ी चाहता हूं.” उन्होंने विपक्षी नेताओं पर हमला करते हुए कहा, “कुछ लोगों के लिए दल से बड़ा कुछ नहीं होता.”

पीएम ने कहा, “देश की करोड़ों महिलाओं की नज़र संसद पर थी. मुझे भी देखकर दुःख हुआ कि नारी शक्ति का ये प्रस्ताव जब गिरा तो कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके जैसी परिवारवादी पार्टियां ख़ुशियां मना रही थीं. ऐसे लोगों को इस देश की महिलाएं कभी माफ़ नहीं करेंगी.”

इसे भी पढ़ें : टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का पीएम पर निशाना, ‘आपकी पार्टी में महिलाओं का प्रतिशत सबसे कम’

कांग्रेस का वर्क कल्चर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ”नारी अपना अपमान कभी नहीं भूलती. महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने जो पाप किया है, उसकी उन्हें सज़ा जरूर मिलेगी. इन लोगों ने संविधान निर्माताओं का भी अपमान किया है.” उन्होंने कहा कि सदन में नारी शक्ति वंदन संशोधन ऐसा प्रस्ताव था, जिसमें हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ था.

उन्होंने कहा, ” जब कुछ लोगों के लिए दलहित सब कुछ हो जाता है. दलहित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति को, देशहित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है. इस बार भी यही हुआ. कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ”व्यक्तिगत रूप से मुझे उम्मीद थी कि कांग्रेस अपनी दशकों पुरानी गलती को सुधारेगी, अपने पापों का प्रायश्चित करेगी. लेकिन कांग्रेस ने इतिहास रचने और महिलाओं के समर्थन में खड़े होने का अवसर खो दिया.” उन्होंने कहा कि लटकाना, अटकाना और भटकाना कांग्रेस का वर्क कल्चर रहा है. इसके छल-प्रपंच ने देश का नुक़सान किया है.

राहुल गांधी के आरोप

वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार संविधान पर हमला कर रही है और दक्षिण भारतीय राज्यों, पूर्वोत्तर के राज्यों और छोटे राज्यों के साथ भेदभाव करके उन्हें कमज़ोर करने की कोशिश कर रही है.

लोकसभा में बिल गिरने के बाद शनिवार को राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण विधेयक के नाम पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने तमिलनाडु में एक जनसभा में कहा, “कल आपने देखा होगा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह संसद में क्या करने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने देश से झूठ बोला.”

उन्होंने कहा, “वे महिलाओं के प्रतिनिधित्व के लिए एक बिल पास करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन उस बिल के पीछे एक बहुत ही ख़तरनाक इरादा छिपा था. वे भारत के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश कर रहे थे. वे हर राज्य को मिलने वाली सीटों की संख्या बदलना चाहते थे. वे दक्षिण भारतीय राज्यों, पूर्वोत्तर राज्यों और अन्य छोटे राज्यों को कमजोर करना चाहते थे. प्रधानमंत्री हमारे संविधान पर हमला कर रहे हैं.”

बता दें कि संसद के विशेष सत्र के दौरान शुक्रवार को लोकसभा में महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण देने वाले महिला आरक्षण क़ानून में संशोधन वाला बिल (131वां) पास नहीं हो सका था. संसद में इसे पारित होने के लिए जरूरी दो तिहाई वोट नहीं मिल सके थे. बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े और विरोध में 230 वोट पड़े.

एयर नाउ स्पेशल

कोर्ट ने ठहराया दोषी, फिर भी कुर्सी बरकरार! रघुनंदन...

रांची: झारखंड में विकास की गाड़ी जिन कंधों पर टिकी है, उनमें से एक कंधा कानूनी रूप से 'दागी' निकल चुका है। दक्षिणी छोटानागपुर...
- Advertisement -spot_img
App Logo

Download Our App

Download Now ➥

ट्रेंडिंग खबर