रांची : दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक,दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, मनोज कौशिक ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खयांग्ते पर CID का कसा शिकंजा, अमेरिकी दौरे के खर्च समेत TDPL से मांगा खर्च का ब्योरा
पुलिस बल के निर्माण में खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण
समापन समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक ने कहा कि एक सशक्त एवं सक्षम पुलिस बल के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता एवं टीमवर्क की भावना का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच इस प्रकार की खेल प्रतियोगितियाँ पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न जिलों के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के दौरान हुए खेल
दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का आयोजन 21 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
राँची बना ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राँची जिला ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब प्राप्त किया। खूंटी जिला द्वितीय तथा गुमला जिला तृतीय स्थान पर रहा। विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों के सम्मान, खेल भावना के प्रति प्रतिबद्धता की पुनर्पुष्टि के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में रहे मौजूद
समापन समारोह के अवसर पर रांची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग, गुमला एसपी हारिश बिन जमां, लोहरदगा एसपी सिद्दीकी ए. रिज़वी, सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस. कोठारे सहित दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के सभी जिलों के पुलिस उपाधीक्षक, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


