रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बीते 13 दिनों से जेपीएससी व जेएसएसी परीक्षाओं में हुई धांधलियों व अन्य गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने व 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से राज्य सरकार बातचीत करने को तैयार हो गई है. सरकार की ओर से इस संबंध में गठित चार मंत्रियों की समिति गुरूवार को मोराबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करेगी.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा की कार्यवाही स्थगित, शोक प्रस्ताव में नीट छात्रों की मौत व असम में बाढ़ में मरने वालों की हुई चर्चा
वार्ता को लेकर हालांकि अभी समय का निर्धारण नहीं हो पाया है लेकिन कहा जा रहा है कि विधानसभा की कार्यवाही खत्म होने के बाद यानी दोपहर बाद सरकार की ओर से निर्धारित मंत्रियों का समूह इन छात्रों से वार्ता करेगा. बता दें कि सरकार की ओर से गठित मंत्रियों के समूह में मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री चमरा लिंडा और मंत्री संजय प्रसाद यादव शामिल हैं. वहीं छात्रों की ओर से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस वार्ता में शामिल होगा. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में कौन कौन छात्र शामिल हैं, उनके नामों का खुलासा नहीं हो सका है.
संवाद से ही बेहतर समाधान : दीपिका
इधर मंत्री समूह में शामिल दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सकारात्मक बात रखी है। सरकार ने छात्रों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। सरकार ने आंदोलन शुरू होने से पहले ही जांच और कार्रवाई शुरू कर दी थी, जिसे आगे बढ़ाया जा रहा है। किसी भी परिस्थिति का सबसे बेहतर समाधान संवाद से ही निकलता है। मुख्यमंत्री ने भी छात्रों को आश्वस्त किया है, इसलिए वार्ता जल्द होनी चाहिए।
दरवाजे पूरी तरह खुले : सुदिव्य
वहीं हाई पावर कमेटी में शामिल मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि हेमंत सरकार एक, संवेदनशील सरकार है और उसने छात्रों से बातचीत के लिए अपने दरवाजे पूरी तरह खुले रखे हैं। उन्होंने कहा कि अब छात्रों को भी अपनी बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए सरकार के साथ वार्ता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवाद, वार्ता और विमर्श के माध्यम से ही किसी भी समस्या का सार्थक समाधान निकल सकता है। छात्रहित के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है.


