रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र गुरूवार को शुरू हो गया. सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सदन के बाहर विपक्षी एनडीए विधायकों ने रांची में जेपीएससी-जेएसएसी परीक्षाओं में हुई धांधली को लेकर आंदोलनरत छात्रों का मुद्दा उठाया और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की तो वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने सदन में मानसून सत्र की कार्यवाही के दौरान सभापति के नामों की घोषणा की. वहीं इस दौरान शोक प्रस्ताव भी पेश किया. सीएम हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी, राजेश कच्छप, अरूप चटर्जी और जनार्दन पासवान ने सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ा.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन के बाहर विपक्षी विधायकों का JPSC- JSCC मुद्दे पर हंगामा
शोक प्रस्ताव में नीट छात्रों की चर्चा

मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने शोक प्रस्ताव पढ़ा. शोक प्रस्ताव में मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोंसले, पंडवाणी लोक गायिका तीजन बाई, पूर्व विधायक माधव लाल सिंह, पूर्व मंत्री ददई दूबे समेत एक दर्जन से अधिक गणमान्य लोगों को श्रद्धांजलि दी गई व दो मिनट का मौन रखा गया. इस दौरान शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने नीट परीक्षा को लेकर लगभग दो दर्जन छात्रों के मौत होने का मामला उठाया और उन्हें श्रद्धांजलि दी. नीट छात्रों की मौत का मामला भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने भी उठाया.
असम के बाढ़ पीड़ितों को 3 करोड़
विधानसभा में शोक प्रस्ताव के दौरान भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने असम में आई भीषणकारी बाढ़ के कारण 70 से ज्यादा लोगों की मौत होने की चर्चा करते हुए झारखंड सरकार के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए तीन करोड़ की राशि देने की जानकारी सदन को दी और इसके लिए सरकार का आभार भी जताया.
मॉस्क लगाकर पहुंचे विपक्षी विधायक

इससे पहले मानसून सत्र के पहले दिन विपक्षी एनडीए विधायक सदन में जेपीएससी-जेएसएससी मामले को लेकर आंदोलनरत छात्रों की मांगों के समर्थन में नारे लिखे मॉस्क लगाकर सदन में पहुंचे. सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए बाबूलाल मरांडी ने हालांकि इस दौरान इस मुद्दे की चर्चा नहीं की लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही जरूर उन्होंने इस मामले को उठाना चाहा तो स्पीकर ने यह कहते हुए रोक दिया कि सदन के पहले दिन आवश्यक कार्यवाहियों के बाद वह अपनी बात रख सकते हैं. हालांकि सदन में शोक प्रस्ताव पेश होने के बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
सभापति के नामों की घोषणा

इससे पहले सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने मॉनसून सत्र के लिए सभापति के नामों की घोषणा की, जिसमें हेमलाल मुर्मू, सीपी सिंह, निरल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और नीरा यादव शामिल हैं.
वहीं कार्यमंत्रणा समिति की भी घोषणा स्पीकर ने की. अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में गठित समिति में सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, जेएमएम विधायक निरल पूर्ति और भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी शामिल किए गए हैं.
इसके अलावा विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में मंत्री दीपक बिरूआ, भाजपा विधायक सीपी सिंह, जेएमएम विधायक मथुरा महतो, विपक्ष के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, आजसू पार्टी विधायक निर्मल महतो, जेएलकेएम विधायक जयराम महतो, जेएमएम विधायक स्टीफन मरांडी, जदयू विधायक सरयू राय, राजद विधायक सुरेश पासवान, लोजपा(रा) विधायक जर्नादन पासवान, जेएमएम विधायक बसंत सोरेन, भाजपा विधायक नीरा यादव और जेएमएम विधायक कल्पना सोरेन को शामिल किया गया.


