Monday, September 14, 2026

1 अक्टूबर से 5 बड़े बदलाव, जेब और जिंदगी पर सीधा असर

देश : आज है 1 अक्टूबर और तारीख बदलते ही आपके जेब और आपके रोज़मर्रा के कामकाज से जुड़ी पांच बड़ी चीजें बदल गई हैं। ये बदलाव सिर्फ कागज़ों में नहीं, बल्कि आपकी ज़िंदगी पर सीधा असर डालने वाले हैं। आइए आपको एक-एक करके बताते हैं कि आज से क्या नया हो गया है और क्यों ये खबर आपके काम की है।

रेलवे टिकट बुकिंग में नया नियम — आधार से वेरिफिकेशन जरूरी

सबसे पहला बदलाव रेलवे में हुआ है। अब अगर आप जनरल रिजर्वेशन टिकट ऑनलाइन बुक करना चाहेंगे तो आपके लिए आधार कार्ड जरूरी हो जाएगा। लेकिन इसमें भी एक ट्विस्ट है। IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर जब जनरल टिकट का रिजर्वेशन खुलेगा तो शुरुआती 15 मिनट तक टिकट सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगा जिन्होंने आधार से वेरिफिकेशन किया होगा। 15 मिनट बाद आप बिना आधार के भी टिकट निकाल सकते हैं। रेलवे का कहना है कि ये कदम आम यात्रियों के लिए राहत वाला है। इससे टिकटों की कालाबजारी यानी ब्लैक में खरीद-फरोख्त पर रोक लगेगी। दरअसल, कई बार देखने में आता था कि टिकट खुलते ही एजेंट्स बड़े पैमाने पर टिकट बुक कर लेते थे और आम आदमी को सीट नहीं मिल पाती थी। अब आधार से जुड़ जाने पर यह खेल काफी हद तक बंद हो जाएगा।

UPI पर अब नहीं भेज सकेंगे P2P पेमेंट रिक्वेस्ट

दूसरा बड़ा बदलाव UPI से जुड़ा है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने एक बड़ा फैसला लिया है। आज से आप UPI पर किसी को पैसे मांगने की रिक्वेस्ट नहीं भेज पाएंगे। इसे तकनीकी भाषा में कहते हैं P2P कलेक्ट रिक्वेस्ट। अब तक होता ये था कि आप अपने किसी दोस्त को रिक्वेस्ट भेजते और वह पैसे आपके अकाउंट में डाल देता। लेकिन इसी फीचर का इस्तेमाल ठगों ने भी खूब किया। वे अनजान लोगों को रिक्वेस्ट भेजकर उन्हें गलती से पैसे ट्रांसफर करने के लिए फंसा लेते थे। अब ये खेल बंद। ध्यान रहे, ये रोक सिर्फ व्यक्ति-से-व्यक्ति रिक्वेस्ट पर है। फ्लिपकार्ट, अमेजन, स्विगी या IRCTC जैसे व्यापारी अब भी आपको पेमेंट रिक्वेस्ट भेज सकेंगे। NPCI का मानना है कि इससे UPI और सुरक्षित होगा।

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 16.50 रुपए महंगा, रेस्टोरेंट्स पर असर

तीसरा बदलाव गैस सिलेंडर की कीमत से जुड़ा है। जी हां, अब होटल-ढाबों से लेकर शादी-ब्याह के किचन तक सबकी जेब थोड़ी और ढीली होगी। 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 16.50 रुपए तक महंगा कर दिया गया है। दिल्ली में ये अब 1595.50 रुपए में मिलेगा, जबकि पहले 1580 में मिल रहा था। कोलकाता में भी यही हाल है। वहां सिलेंडर 16.50 रुपए बढ़कर 1700.50 रुपए का हो गया है। आम घरों में इस्तेमाल होने वाला घरेलू सिलेंडर फिलहाल जस का तस है, लेकिन कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से रेस्टोरेंट और फूड सर्विसेज में महंगाई का असर आप पर भी पड़ेगा।

इंडिया पोस्ट की स्पीड पोस्ट सर्विस महंगी और OTP बेस्ड डिलीवरी शुरू

चौथा बदलाव इंडिया पोस्ट की स्पीड पोस्ट सर्विस से जुड़ा है। अब अगर आप कोई सामान या दस्तावेज भेजते हैं तो उसके लिए ज्यादा पैसे देने होंगे। नई दरें लागू कर दी गई हैं। साथ ही सुरक्षा और सुविधाओं में बदलाव किया गया है। सबसे बड़ी बात, अब आपका सामान तभी डिलीवर होगा जब रिसीवर OTP कन्फर्म करेगा। यानी डिलीवरी OTP बेस्ड हो गई है। इसके लिए आपको प्रति सामान पांच रुपए एक्स्ट्रा और GST देना होगा। वहीं, ट्रैकिंग के लिए अब आपको रियल-टाइम स्टेटस SMS पर मिलेगा। स्टूडेंट्स को 10 फीसदी की छूट और बल्क कस्टमर्स को 5 फीसदी की छूट भी दी जाएगी।

NPS निवेश में बड़ा बदलाव — अब 100% इक्विटी में निवेश की अनुमति

पांचवां और बड़ा बदलाव नेशनल पेंशन स्कीम (NPS) से जुड़ा है। पहले इसमें इक्विटी यानी शेयर बाज़ार में निवेश की लिमिट 75 फीसदी थी। लेकिन अब नॉन-गवर्नमेंट सब्सक्राइबर्स अपनी पूरी रकम यानी 100 फीसदी शेयर बाज़ार में लगा सकेंगे। इसका मतलब ये है कि जो लोग रिस्क लेने के लिए तैयार हैं, वे अपने रिटायरमेंट फंड को और बड़ा बना पाएंगे। क्योंकि शेयर बाज़ार में लंबी अवधि में ज्यादा रिटर्न का मौका मिलता है। हालांकि इसमें खतरा भी है, क्योंकि बाज़ार में उतार-चढ़ाव रहता है। फिर भी, युवाओं के लिए ये बड़ा अवसर है कि वे लंबी अवधि के लिए इक्विटी में निवेश कर सकें।

तो ये थे पांच बड़े बदलाव जो 1 अक्टूबर से लागू हो गए हैं। रेलवे का आधार वेरिफिकेशन, UPI रिक्वेस्ट पर रोक, कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा, स्पीड पोस्ट महंगी और NPS में पूरी रकम इक्विटी में लगाने का विकल्प। इन सबका सीधा असर आपके खर्च, आपकी सुरक्षा और आपके भविष्य की बचत पर पड़ेगा। अब देखना ये है कि इन बदलावों को लेकर आम लोग कितनी जल्दी खुद को एडजस्ट करते हैं।

कुल मिलाकर अक्टूबर की शुरुआत पांच नई हकीकतों के साथ हुई है, और इनमें से हर एक आपके जीवन में किसी न किसी तरह से असर डालने वाला है।

spot_img

एयर नाऊ स्पेशल

Big Breaking News: एक करोड़ का इनामी नक्सली मिशिर...

रांची: झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सेंट्रल कमेटी सदस्य और...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग ख़बर