जमुई: बिहार के जमुई जिले में पदस्थापित ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति मामले में पटना और जमुई समेत चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी, जेवरात और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
पटना फ्लैट से मिले 40 लाख रुपये नकद
EOU की टीम ने पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर F-2 में छापा मारा। यहां से करीब 40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा लाखों रुपये के गहने, चांदी के बर्तन और कई बैंकों की पासबुक भी मिली हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह 3BHK फ्लैट गोपाल कुमार ने वर्ष 2015 में खरीदा था, जिसकी मौजूदा कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जमुई में भी मिला भारी कैश
जमुई के KKM कॉलेज के पास किराये के मकान में चल रही छापेमारी के दौरान भी 8.39 लाख रुपये नकद बरामद हुए। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। यहां से भी आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान शुरुआत में इंजीनियर ने टीम को रोकने की कोशिश की, लेकिन वारंट दिखाने के बाद तलाशी शुरू की गई। EOU की टीम ने पटना के कंकड़बाग स्थित गोपाल कुमार के निजी मकान और झाझा स्थित ग्रामीण विकास विभाग कार्यालय में भी घंटों जांच की। कार्यालय में कर्मचारियों से पूछताछ की गई और इंजीनियर के चैंबर की भी गहन तलाशी ली गई।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी 9 साल बाद पहुंचे नीदरलैंड, डच प्रधानमंत्री के साथ होगी अहम बैठक
आय से 81 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप
जांच एजेंसी की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोपाल कुमार के पास उनकी ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति है। EOU को अब तक लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति के सबूत मिले हैं। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और विशेष अदालत से वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई की गई। EOU अधिकारियों के मुताबिक तलाशी अभियान पूरा होने के बाद जब्त नकदी, दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


