धनबाद : भागाबांध ओपी क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हो गए, जबकि कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद बम को भी सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सदस्य विक्की डोम और अमन सिंह उर्फ कुबेर के पैर में गोली लगी, जबकि अफजल उर्फ अमन भागने के क्रम में गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
Highlights:
तीनों घायलों का इलाज शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में चल रहा है। इस कार्रवाई में तीन अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं दो से तीन अपराधियों के फरार होने की सूचना है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
60 बैंक खातों का खुलासा
एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पुलिस को गिरोह से जुड़े करीब 60 बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन खातों के जरिए लंबे समय से पैसों का लेन-देन होने की आशंका है। पुलिस अब इन खातों की गहन जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरोह से कुछ नए लोग भी जुड़कर सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि शहर के कुछ सफेदपोश और कुछ पत्रकारों के भी गिरोह से संपर्क के प्रमाण मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
बम, कारतूस और मोबाइल बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने बम, कई जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से एफएसएल और बीडीडीएस की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने बम को डिफ्यूज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने कहा कि प्रिंस खान गिरोह पूरी तरह पुलिस के रडार पर है और धनबाद पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


