रांची : झारखंड के दो राज्यसभा सीटों समेत 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों को लेकर 18 जून को चुनाव होगा। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इन 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों का कार्यकाल 21 जून से लेकर 19 जुलाई के बीच अलग- अलग तिथियों पर पूरा होगा। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवोगौड़ा जैसे प्रमुख नेता सेवानिवृत्त होंगे। तो वहीं राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली होने जा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : धार भोजशाला विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई, हाई कोर्ट के फैसले को मुस्लिम पक्ष ने दी चुनौती
जिन राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने वाले हैं उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम शामिल हैं। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे अधिक चार-चार सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों, झारखंड में दो सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर होंगे।
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया बैंगनी रंग का विशेष स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। किसी अन्य पेन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की जाएगी।


