रांची: झारखंड में हुए कथित शराब घोटाला मामले की जांच अब केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी करेगी. यानी शराब घोटाला मामले की जांच में ई़डी की भी एंट्री हो गई है. इस मामले की जांच अब तक एसीबी कर रही है. ED ने एसीबी में दर्ज कांड संख्या 9/2025 को टेकओवर करते हुए ECIR केस नंबर 10/2025 दर्ज किया है.
Highlights:
पूछताछ की मांगी अनुमति
ECIR दर्ज करने के बाद एजेंसी ने रांची PMLA की विशेष कोर्ट में आवेदन देकर एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की अनुमति मांगी है. कोर्ट ने ED को शराब घोटाला केस में जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ करने और उनका बयान दर्ज करने की अनुमति दे दी है. ED द्वारा कोर्ट में दिए गए आवेदन का फाइलिंग नंबर 11431/2025 है और रजिस्ट्रेशन नंबर 10/2025 है.
विनय चौबे समेत हैं दस आरोपी
इस मामले में जेल में बंद IAS अधिकारी विनय चौबे, उत्पाद विभाग के संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह और विनय सिंह समेत 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. केस दर्ज होने के बाद ACB ने विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया था. इस केस में अब तक एक दर्जन से ज्यादा गिरफ्तारी एसीबी ने की है. जिसमें से कई आरोपियों को बेल मिल चुकी है. ACB ने इस मामले में अपनी जांच जारी रखी है. इस बीच ED ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है, जिससे यह पूरा मामला बेहद दिलचस्प होता दिख रहा है.


