रांची : जानलेवा कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. ईडी ने झारखंड, उत्तर प्रदेश और गुजरात में 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह करीब सात बजे से शुरू हुई. छापेमारी जिन ठिकानों पर हो रही है, उनमें रांची स्थित शैली ट्रेडर्स भी शामिल है. झारखंड में इसी फर्म के माध्यम से इस खतरनाक सिरप का कारोबार होने की बात सामने आई थी.
रांची में ईडी व्यापारी शुभम जयसवाल के तुपुदाना स्थित गोदाम और उनके आवास पर भी छापेमारी कर रही है. सूत्रों के अनुसार, शैली ट्रेडर्स की ओर से इस खतरनाक कफ सिरप का वार्षिक कारोबार पांच करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है. ईडी की कार्रवाई का दायरा लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, अहमदाबाद और रांची तक फैला हुआ है. जांच एजेंसी ने इस मामले में शामिल व्यापारियों के साथ-साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु अग्रवाल को भी रेड की सूची में रखा है. जांच एजेंसी इस अवैध व्यापार की पूरी श्रृंखला, पैसों के प्रवाह और जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.


