धनबाद : धनबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को “बच्चा चोर” समझकर मारपीट या हिंसा न करें। यदि किसी व्यक्ति पर संदेह हो तो तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अफवाहों पर विश्वास करने के बजाय कानून पर भरोसा करना जरूरी है, क्योंकि आपकी सतर्कता से किसी निर्दोष की जान बच सकती है।
धनबाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करने या भीड़ बनाकर किसी के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने अभिभावकों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों को सुनसान स्थानों पर अकेले न भेजें, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें जागरूक करें।
किसी अजनबी व्यक्ति को देखकर अफवाह फैलाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। धनबाद पुलिस ने कहा की अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।


