न्यूज डेस्क : चक्रवाती तूफान ‘दित्वाह’ तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की तरफ पहुंच रहा है. भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. तमिलनाडु के कई तटीय इलाकों में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. इससे पहले दित्वाह ने श्रीलंका के पूर्वी तट पर भारी तबाही मचाई, जहां 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ.
Highlights:
फिलहाल, तूफान की तीव्रता एक ‘साइक्लोनिक स्टॉर्म’ के रूप में बनी हुई है और इसके और मजबूत होने के संकेत नहीं हैं. तमिलनाडु में चार जिलों में रेड अलर्ट और पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. तूफान के कारण कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है. IMD के अनुसार, दित्वाह तट के बेहद करीब से गुजरेगा. रविवार सुबह 50 किलोमीटर और रविवार शाम तक 25 किलोमीटर की दूरी से तट को पार करेगा.
तमिलनाडु में दित्वाह का असर
इधर चक्रवाती तूफान दित्वाह के असर से तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले में हालात बिगड़ गए हैं. यहां अरुलमिगु वेदारण्येश्वर स्वामी मंदिर के गर्भगृह के बाहर तक बारिश का पानी भर गया है. पानी जमा होने से मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच वडोदरा से विशेष विमान के जरिए NDRF के 5 दल चेन्नई पहुंचाए गए हैं. हर दल में 6 जवान हैं और उनके पास राहत व बचाव के खास उपकरण भी हैं. इन टीमों को तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में तैनात किया जाएगा.
पुडुचेरी में समुद्र तटों पर जाने से रोक
वहीं पुडुचेरी में भी हाई टाइड देखा जा रहा है. तेज हवाएं और बारिश रिकॉर्ड की जा रही है. चक्रवात दित्वाह का असर लगातार बढ़ रहा है. गांधी बीच से विजुअल सामने आए हैं. पुडुचेरी में सैलानियों की दिक्कतें आ रही हैं. एक पर्यटक ने कहा, हम कल पुडुचेरी घूमने आए थे, लेकिन चक्रवात की जानकारी के बाद हमारी सुरक्षा के लिए अधिकारी हमें समुद्र के पास नहीं जाने दे रहे. हम नियमों का पालन कर रहे हैं और आज वापस जाएंगे. दूसरे पर्यटक बंटी प्रसाद ने कहा, हम कल आए थे. चक्रवात से हुई बारिश की वजह से यहां घूमना काफी मुश्किल हो गया है. इसके साथ ही पुडुचेरी में तेज हवाएं और उफान भरा समुद्र लगातार देखा जा रहा है.


