न्यूज डेस्क: मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। भाजपा उम्मीदवार के नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस अब किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी के तहत कांग्रेस ने अपने सभी 62 विधायकों को कर्नाटक के बेंगलुरु शिफ्ट करने का फैसला लिया है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
विधायकों के लिए चार्टर्ड विमान की व्यवस्था
कांग्रेस ने विधायकों को बेंगलुरु भेजने के लिए स्टार एयरलाइंस का 75 सीटों वाला विमान बुक कराया। यह विमान मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचा। लेकिन एयरपोर्ट पर कई विधायक अपने परिवार और स्टाफ के साथ पहुंच गए, जिससे यात्रियों की संख्या 100 से ज्यादा हो गई। स्थिति को देखते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कुछ विधायकों को फिलहाल भोपाल में ही रोकने का फैसला किया। इन विधायकों को शाम को दूसरी चार्टर्ड फ्लाइट से बेंगलुरु भेजा जाएगा।
कांग्रेस को सता रहा क्रॉस वोटिंग का डर
राज्यसभा चुनाव में संख्या बल को लेकर कांग्रेस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पार्टी को आशंका है कि भाजपा विधायकों में सेंध लगाने की कोशिश कर सकती है। इसी वजह से सभी विधायकों को एक साथ सुरक्षित स्थान पर रखने की रणनीति बनाई गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधायकों को बेंगलुरु भेजने को लेकर कहा कि कांग्रेस का जहां सरकार है, वहां विधायकों को ले जाना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने सभी 62 विधायकों पर पूरा भरोसा है। हालांकि उन्होंने भाजपा पर तोड़-फोड़ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह सतर्क है। सिंघार ने यह भी कहा कि भाजपा को अपने विधायकों को संभालकर रखना चाहिए।
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। दोनों प्रमुख दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हैं। आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में और हलचल बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 3 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर रूप से झुलसे



