नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अलग-अलग राज्यों से आए युवा प्रदर्शनकारियों से मुलाक़ात की. मुलाक़ात के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “सबसे पहले मैं इन युवाओं और इनके जैसे हज़ारों अन्य युवाओं का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने संविधान, शिक्षा व्यवस्था और भारत के भविष्य के लिए आवाज उठाई और मज़बूती से खड़े रहे.”
इसे भी पढ़ें : कैबिनेट सचिव डॉ. टीवी सोमनाथन और गृह सचिव गोविंद मोहन को मिला एक साल का सेवा विस्तार
उन्होंने कहा, “हमने कुछ युवा प्रदर्शनकारियों से खुलकर बातचीत की. उन्होंने हमें बताया कि उनके साथ मारपीट की गई, उन्हें पीटा गया और धमकियां दी गईं.” राहुल गांधी ने आगे कहा, “मुझे इन युवाओं पर गर्व है. वो और उनके जैसे हज़ारों युवाओं ने संविधान की रक्षा की है, भारत के विचार की रक्षा की है और देश के भविष्य की रक्षा की है.”
राहुल गांधी ने कहा, “शिक्षा व्यवस्था की खामियों की शिकायत करना कोई अपराध नहीं है. मौजूदा शिक्षा व्यवस्था में कई कमियां हैं, यह लगातार कमज़ोर हो रही है और इसमें सुधार की ज़रूरत है. यही बात ये छात्र कह रहे थे.” उन्होंने कहा, “ये छात्र न तो हिंसा कर रहे थे, न आक्रामक थे और न ही किसी के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे. इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकाया गया.”


