रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मेन रोड, रांची और गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा, रातू रोड, रांची के एक शिष्टमंडल ने मुलाकात की। शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश पर्व उत्सव में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि आगामी 3 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी, रातू रोड की ओर से भव्य नगर-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 5 नवंबर को पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर, रांची में प्रकाश पर्व उत्सव समारोह मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस आमंत्रण के लिए शिष्टमंडल का धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर राज्यवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका जीवन मानवता, समानता और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाता है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले शिष्टमंडल में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, रांची के प्रेसिडेंट रणजीत सिंह हैप्पी, गुरुद्वारा मेन रोड, रांची के सचिव गगनदीप सिंह सेठी, गुरुनानक सत्संग सभा प्रबंधक कमिटी के अध्यक्ष अर्जुन मिड्ढा, सचिव सुरेश जी मिड्ढा, द्वारिका दास मुंजाल, सुरजीत सिंह सलूजा, प्रीतम सिंह गोपी, अनूप सिंह गिरधर, जीतू अरोड़ा, हरीश मिड्ढा और अमरजीत सिंह शामिल थे।


