महाराष्ट्र: नासिक में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है. प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए युवा सेना के कार्यकर्ता निफाड़ नगर पंचायत ऑफिस पहुंच गए और अपने विरोध को अलग अंदाज में दिखाया.
Highlights:
ऑफिस में छोड़े गए कुत्ते
कार्यकर्ता दो आवारा कुत्तों को साथ लेकर सीधे नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचे और उन्हें मुख्य अधिकारी की मेज पर छोड़ दिया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि कुत्तों को पहले बोरे में लाया गया था और जैसे ही उन्हें बाहर छोड़ा गया, वे घबरा गए और मेज पर इधर-उधर भागते नजर आए.
इसे भी पढ़े: रसोई का धुआं सेहत के लिए हो सकता है खतरा, गैस पर खाना बनाते समय इन सब बातों का रखें ध्यान
भड़का लोगों का गुस्सा
इस पूरे विरोध के पीछे लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है. कई लोगों को कुत्तों ने काट भी लिया है. इसके बावजूद बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया.
युवा सेना के जिला प्रमुख विक्रम रंधावे ने कहा कि इस मुद्दे को पहले भी उठाया गया था, खासकर गणेशोत्सव के दौरान. पंडालों में आने वाले लोग भी कुत्तों की वजह से डर महसूस कर रहे हैं. इसलिए अब मजबूरी में इस तरह का विरोध करना पड़ा. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जल्द से जल्द नसबंदी अभियान शुरू किया जाए. कुत्तों को पकड़ने की सही व्यवस्था की जाए. उनकी बढ़ती संख्या को कंट्रोल करने के लिए ठोस प्लान बनाया जाए.
प्रशासन पर आरोप और चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि अधिकारी समस्या सुलझाने के बजाय दूसरे कामों में व्यस्त हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से इसी तरह विरोध करेंगे और जरूरत पड़ी तो नागरिकों के साथ मिलकर और बड़ा प्रदर्शन करेंगे.
फिलहाल नासिक में हुआ यह अनोखा विरोध चर्चा का विषय बन गया है. लोगों का साफ कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है.


