खूंटी: खूंटी जिले के रानिया थाना क्षेत्र के डोडमा स्थित एक क्रशर प्लांट के कार्यालय पर बीती देर रात करीब 11:20 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिससे इलाके में भारी दहशत फैल गई है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Highlights:
लेकिन, इस घटना के कुछ ही घंटों बाद राहुल सिंह गैंग के स्वयंभू सरगना ‘आजाद सिरकार’ ने सोशल मीडिया- फेस्बूक पर प्रेस रिलीज़ जारी कर इस वारदात की जिम्मेदारी ली है, जिससे हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है और धमकी भरे संदेश की गहन जाँच शुरू कर दी है।
9 जिलों के व्यापारियों को बनाया निशाना
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस संदेश में झारखंड के 9 जिलों के व्यापारियों, ठेकेदारों और खनन/कोयला परिवहन से जुड़े लोगों को सीधे तौर पर निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। जिनमें रांची, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, लातेहार, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और पलामू जिला शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के संदेश फैलाकर इलाके में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की जाती है, और इसके पीछे का मुख्य मकसद रंगदारी (लेवी) की वसूली करना होता है।

व्यापारी वर्ग में दहशत
इस फायरिंग और खुलेआम धमकी के बाद खदान और परिवहन क्षेत्र से जुड़े कई व्यापारी और ठेकेदार अपनी सुरक्षा को लेकर गहरे चिंतित हैं। कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से ऐसे संगठित गिरोहों पर जल्द से जल्द कड़ी और निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उनका कारोबार बिना किसी डर के चलता रहे। पुलिस फिलहाल आजाद सिरकार के दावे और उसकी मंशा की पड़ताल कर रही है।
खबरें और भी: पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर उत्तर प्रदेश के देवरिया में दिल्ली जाने के दौरान ट्रेन से गिरफ्तार




