रांची : झारखंड की राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा में 24 घंटे चार सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है, जो लगातार मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे. यह जानकारी झारखंड सरकार की ओर से हाईकोर्ट में दायर रिट याचिका पर न्यायमूर्ति आनंद सेन की अदालत में सुनवाई के दौरान दी गई.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट ने BDO के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और चल रहे आपराधिक कार्रवाई को किया रद्द, जानें पूरा मामला
रात्रि प्रहरी की हत्या का मामला
बता दें कि इसी महीने रथ मेला का आयोजन होना है और इससे पहले अप्रैल महीने में जगन्नाथ मंदिर के रात्रि सुरक्षा प्रहरी बिरसा मुंडा की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई थी, हालांकि बाद में पुलिस ने दावा किया था कि लूटपाट के इरादे से रात्रि सुरक्षा प्रहरी की हत्या की गई थी. इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट ने रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को जगन्नाथपुर मंदिर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था.
रथ मेला से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
रथ मेला से पहले मंदिर की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है. वहीं, झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड ने मंदिर के प्रबंधन से जुड़ी कार्ययोजना तैयार करने के लिए अदालत से दो सप्ताह का समय मांगा. इसके बाद कोर्ट ने यह अनुरोध स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 22 जुलाई निर्धारित की है. बता दें कि ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा एवं प्रबंधन को लेकर मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है.




