डिब्रूगढ़ (असम): असम में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को डिब्रूगढ़ के खानिकर परेड ग्राउंड से 1,715 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने घुसपैठ, विकास व असम की संस्कृति के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया। साथ ही शाह ने वहां उपस्थित लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।
Highlights:
डिब्रूगढ़ बनेगा असम का ‘दूसरा प्रशासनिक केंद्र’
अमित शाह ने डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें सबसे महत्वपूर्ण 284 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला दूसरा विधानसभा परिसर और विधायक छात्रावास है। उन्होंने 238 करोड़ रुपये के खानिकर बहु-विषयक खेल परिसर (Phase-I) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा शमन कोष के तहत 692 करोड़ रुपये की वेटलैंड बहाली परियोजना की शुरुआत की गई। साथ ही चाबुआ में 292 करोड़ की लागत से वन्यजीव स्वास्थ्य और अनुसंधान केंद्र की आधारशिला रखी गई।
‘गमोसा’ पर छिड़ा विवाद
अमित शाह ने राष्ट्रपति के ‘एट होम’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा “विदेशी मेहमानों सहित सभी ने असम का सम्मान करते हुए गमोसा पहना, लेकिन राहुल गांधी इकलौते ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने इसे पहनने से मना कर दिया। भाजपा असमिया संस्कृति का ऐसा अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक घुसपैठ को अपने वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और असम की सुरक्षा से समझौता किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सरकार में घुसपैठ पूरी तरह रुकी है और अवैध रूप से रहने वालों की पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाएगा।
चाय उद्योग का होगा विस्तार
शाह ने असम की अर्थव्यवस्था की रीढ़ चाय उद्योग को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते के तहत असम की चाय अब बिना किसी टैरिफ के 27 देशों के बाजारों में पहुंचेगी, जिससे लाखों श्रमिकों का जीवन बदलेगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी इस मौके पर कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार असम को समावेशी और विकसित बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है।


