खेल डेस्क : फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में मेजबान देश अमेरिका का सफर प्री क्वार्टर फाइनल में बुरी हार के साथ खत्म हो गया है. भारतीय समयानुसार मंगलवार सुबह खेले गए प्री- क्वार्टर फ़ाइनल में बेल्जियम ने अमेरिका को हराकर उसे बाहर का रास्ता दिखाया. बेल्जियम ने अमेरिका के ख़िलाफ़ चार गोल दागे जबकि अमेरिका सिर्फ़ एक गोल कर पाया.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर ट्रस्ट ने दिखाया वो चढ़ावा जिनकी चोरी का हुआ था दावा, रामचरित मानस, भगवान राम के चरण चिन्ह, हार, काकभुशुंडि…
बेल्जियम के खिलाड़ी चार्ल्स डी केटेलारे के शुरुआती दो गोल दागे. अमेरिकी रक्षा पंक्ति की बड़ी गलतियों का फ़ायदा उठाकर बेल्जियम के खिलाड़ी हांस वानाकेन ने टीम के लिए तीसरा गोल दागा. इसके बाद मैच के आख़िरी पलों में रोमेलू लुकाकू ने बेल्जियम के लिए चौथा गोल करके टीम की जीत पर मुहर लगा दी. अमेरिका की ओर से पहले हाफ में मलिक टिलमैन ने एकमात्र गोल किया.
फोलारिन बालोगुन को रेड कार्ड

अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन को पिछले मुक़ाबले में दिखाए गए रेड कार्ड की वजह से ये मैच काफ़ी चर्चा में था. 25 साल के बालोगुन पिछले दौर में बोस्निया-हर्जेगोविना के डिफेंडर तारिक मुहारेमोविक पर फ़ाउल करने के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद बेल्जियम के ख़िलाफ़ अपनी टीम के अंतिम 16 मुकाबले से बाहर होने वाले थे.
फ़ीफ़ा की आलोचना
लेकिन फ़ीफ़ा ने एक चौंकाने वाला फ़ैसला लेते हुए इस एक मैच के प्रतिबंध को 12 महीने के लिए निलंबित कर दिया था. इसकी यूईएफ़ए, बेल्जियम और इंग्लैंड के फ़ुटबॉल संघों ने आलोचना की थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की थी कि उन्होंने ही फ़ीफ़ा से कहा था कि वह अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन पर लगाए गए एक मैच के बैन की समीक्षा (रिव्यू) करे. फ़ीफ़ा दुनिया भर में फ़ुटबॉल की गवर्निंग बॉडी है.
रोनाल्डो का वर्ल्ड कप सफ़र खत्म

इधर ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार के बाद अब फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो का शानदार करियर भी वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ी जीते बिना ही ख़त्म हो गया. उनका आख़िरी वर्ल्ड कप मैच पुर्तगाल के लिए 1-0 की हार के साथ ख़त्म हुआ. स्पेन की टीम ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर रोनाल्डो का सपना तोड़ दिया.
डलास में खेले गए इस मुक़ाबले में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने इंजरी टाइम में विजयी गोल दागा. मैच ख़त्म होने के बाद 41 वर्षीय रोनाल्डो रो पड़े और इसके साथ ही उनका वर्ल्ड कप का सफ़र भी ख़त्म हो गया. रोनाल्डो फुटबॉल के किसी एक खिलाड़ी को दिया जाने वाला बेहद प्रतिष्ठित पुरस्कार बेलन डी’ओर पांच बार जीत चुके हैं.
पांच बार यूईएफ़ए चैंपियन लीग के चैंपियन और यूईएफ़ए यूरो 2016 के विजेता रोनाल्डो ने क्लब और देश के लिए रिकॉर्ड 976 गोल किए हैं. उन्होंने रिकॉर्ड छह वर्ल्ड कप में गोल दागे हैं. हालांकि, वर्ल्ड कप में जीतने के सबसे करीब वह 2006 में पहुंचे थे, जब पुर्तगाल सेमीफ़ाइनल तक पहुंचा था. रोनाल्डो पहले ही एलान कर चुके थे कि यह उनका आख़िरी वर्ल्ड कप होगा. हालांकि मैच के बाद नेशनल टीम से संन्यास के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार से मिलूंगा और शांत दिमाग से फैसला करूंगा.”




