न्यूज डेस्क : अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी के आरोपों के बाद अब बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में भी गड़बड़ी के आरोप लगे हैं. बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने शुक्रवार को बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में चढ़ावे को लेकर लगे आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं.
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहे इन आरोपों को मंदिर समिति ने गंभीरता से लिया है और मामले की जांच के लिए एक जांच समिति बनाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है.
द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे का भी खंडन किया, जिसमें एक कर्मचारी को उनका ‘निजी सचिव’ बताया गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं है, बल्कि बीकेटीसी का एक नियमित सरकारी कर्मचारी है.




