पटना : सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कोसी नदी में बनेनिया घाट के पास नाव पलटने की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि घटना के समय नाव पर लगभग दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे और वह पलार क्षेत्र में मूंग तोड़ने जा रहे थे. नदी के बीच में नाव के पहुंचते ही अचानक वह असंतुलित होकर पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : बंगाल में TMC के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता समेत दो नेता गिरफ्तार
घटना के बाद मची अफरातफरी
इधर नाव के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और नाव में सवार कई लोग डूबने लगे. वहां आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में कूदकर कई लोगों को बाहर निकाला. ग्रामीणों की मदद से चार से पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाव पर सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए हैं या कुछ लोग अभी भी लापता हैं. इसी वजह से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है.
प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन
नाव पर कुल कितने लोग सवार थे, इसका सटीक आंकड़ा अभी नहीं मिल पाया है. फिलहाल स्थानीय गोताखोरों और राहत टीमों की मदद से लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है.



