बिहार: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान पर राजनीति गरमा गयी है। दिल्ली दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद विपक्ष ने उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा है, वहीं राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने भी मुख्यमंत्री के बयान पर सवाल उठाये हैं।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर की बातें
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बिहार में अब कोई अपराधी नहीं है और अपराध का कॉन्सेप्ट पूरी तरह खत्म हो चुका है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गयी है। विपक्ष ने उनके दावे को लेकर सवाल उठाये हैं।
नेता तेजस्वी यादव ने कसा तंज
मुख्यमंत्री के बयान पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में मंच पर मौजूद आईएएस और आईपीएस अधिकारियों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठे अधिकारी इस तरह के बयान से खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित।
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने भी साधा निशाना
वहीं, राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपराध और क्राइम का मतलब एक ही होता है। दोनों के बीच कोई अंतर नहीं है। एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि बिहार में सत्ता के संरक्षण में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाये। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारियों की ओर से लोगों की जान लेने की घटनाएं भी अपराध के दायरे में आती हैं।
बयान देने के बजाय कानून-व्यवस्था पे दें ध्यान: एजाज अहमद
एजाज अहमद ने कहा कि राज्य में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री को बयान देने के बजाय बिहार की कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। कुल मिलाकर सम्राट चौधरी के बयान ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। अब इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गयी है।

