धनबाद : झरिया के ऐतिहासिक राजा तालाब में आगामी 1 नवंबर को बनारस के गंगा घाट जैसा नजारा देखने को मिलेगा। तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य के उद्घाटन के अवसर पर भव्य गंगा आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। बनारस के प्रसिद्ध आचार्य रणधीर जी की टीम गंगा आरती करेगी, जबकि जमशेदपुर के प्रसिद्ध भजन गायक अभिक पाठक अपनी प्रस्तुति से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे भजन गायन से होगी, जबकि शाम 6:30 बजे भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: धनबाद प्रशासन द्वारा कुबेर होटल की बाउंड्री वॉल तोड़ने पर बवाल, बार एसोसिएशन ने जताई नाराजगी

झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने अपने बिहार बिल्डिंग स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से लगभग दो वर्षों में राजा तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि राजा तालाब से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। छठ महापर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और छठव्रती पहुंचते हैं।
विधायक ने कहा कि उन्होंने जनता से छठ पर्व से पहले तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराने का वादा किया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए भव्य गंगा आरती का आयोजन तय किया गया है। इसके लिए बनारस के प्रसिद्ध आचार्य रणधीर जी को आमंत्रित किया गया है। विधायक के अनुसार, आचार्य रणधीर जी की टीम बनारस के गंगा घाट पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लिए भी गंगा आरती करा चुकी है।
उन्होंने झरिया और धनबाद की जनता से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। साथ ही, अपने कार्यकाल से पहले राजा तालाब के नाम पर करोड़ों रुपये के कथित बंदरबांट का आरोप भी लगाया। गंगा आरती और उद्घाटन समारोह को लेकर राजा तालाब परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पूरे तालाब की साफ-सफाई कराई जा रही है। इसके बाद परिसर को दीपों और फूलों से सजाने की योजना है।
कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विधायक की ओर से एक टीम भी गठित की गई है। अब 1 नवंबर को होने वाले इस आयोजन पर झरिया और धनबाद के लोगों की नजरें टिकी हैं। ऐतिहासिक राजा तालाब में भव्य गंगा आरती का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।

