लाइफस्टाइल: हमारे देश में चाय करोड़ों लोगों की दिनचर्या का एक अहम हिस्सा है। ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत ही चाय के एक कप से होती है। अक्सर यह कहा जाता है कि अच्छी सेहत के लिए चाय छोड़ना जरूरी है, लेकिन जिन्हें चाय की आदत है उनके लिए इसे पूरी तरह बंद करना नामुमकिन सा लगता है। लेकिन क्या चाय वाकई हमारी सेहत के लिए इतनी नुकसानदायक है? या फिर बस इसे पीने के तरीके में थोड़ा बदलाव करना होगा।
Highlights:
बहुत ज्यादा गर्म चाय पीना
कई लोगों को खौलती हुई तेज गर्म चाय पीने की आदत होती है। लेकिन WHO यानी विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, 65°C से अधिक तापमान वाले बहुत तेज गर्म पेय नियमित रूप से पीने से भोजन की नली esophagus के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। जब तेज गर्म चाय बार-बार फूड पाइप से गुजरती है, तो अंदर की संवेदनशील परत को नुकसान और जलन पहुंचती है। इसलिए चाय बनने के बाद उसे थोड़ा ठंडा होने दें, फिर पिएं।
खाली पेट या खाने के तुरंत बाद चाय पीना
चाय में ‘टैनिन’ नाम का यौगिक Compound पाया जाता है, जो भोजन से मिलने वाले आयरन Iron को शरीर में सही तरीके से अवशोषित Absorb नहीं होने देता। खाने के तुरंत बाद चाय पीने से खासकर उन लोगों को बचना चाहिए जिनका हीमोग्लोबिन या आयरन लेवल कम है। इसके अलावा, सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है।
प्लास्टिक की छलनी का इस्तेमाल करना
गर्म चाय को प्लास्टिक की छलनी से छानने पर उसके सूक्ष्म कण यानी Microplastics चाय में घुल सकते हैं, जो लंबे समय में स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं। इसका आसान और सुरक्षित समाधान यह है कि आप प्लास्टिक की जगह स्टेनलेस स्टील Stainless Steel की छलनी का ही उपयोग करें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
दिन में बहुत बार चाय पीना अवॉइड करें। एक दिन में 1 से 2 कप तक सीमित रखना बेहतर है। ज्यादा मीठी चाय पीने से भी बचें। इसके अलावा चाय के साथ नमकीन, बिस्किट और मठरी जैसे पैकेज्ड और अनहेल्दी स्नैक्स को अवॉइड करें। इनकी जगह आप मखाना, भुने चने और भेलपुरी जैसे हेल्दी स्नैक्स चुनें। और चाय को बहुत ज्यादा उबालने या बार-बार गर्म करने से भी बचें।


