धनबाद: धनबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब कार्रवाई और तेज कर दी है। एसएसपी के निर्देश पर लगातार चल रही दबिश और गिरफ्तारी अभियान का असर अपराधियों के बीच दिखाई देने लगा है। बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के छोटकी बौआ स्थित बंद पड़े स्कूल में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर के केनरा बैंक डकैती मामले में 20 पुलिस अफसरों की SIT गठित, अपराधियों की तलाश तेज
शूटर चंदन ठाकुर को गोली लगी। उसके कमर के नीचे गोली लगी है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। भूली मोड़ गोलीकांड के बाद धनबाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश तेज कर दी थी। इसी क्रम में पुलिस को बुधवार रात अपराधियों के एक ठिकाने पर जुटे होने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छोटकी बौआ के पास बंद पड़े स्कूल में दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दो गई। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया और चार अपराधियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भूली मोड़ गोलीकांड में ओर किसी की भूमिका थी और इस पूरे मामले के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
धनबाद पुलिस की कार्रवाई का एक अहम फोकस वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान से जुड़े कथित नेटवर्क पर भी है। पुलिस लंबे समय से उसके स्थानीय सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस की रणनीति अब सिर्फ किसी एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं दिख रही है। गिरफ्तार लोगों के संपर्क, मोबाइल फोन, आर्थिक लेन-देन और आपसी कनेक्शन की जांच के जरिए नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
धनबाद में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अपराधियों पर दबाव बढ़ा है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी, गिरफ्तारी और हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। ईस्ट बसुरिया की मुठभेड़ को भी इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो गोलीकांड और कथित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
चंदन ठाकुर के घायल होने और चार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद जांच की दिशा अब आगे बढ़ गई है। पुलिस यह खंगाल रही है कि भूली मोड़ गोलीकांड की पूरी कड़ी में और कौन-कौन शामिल है, हथियार कहां से आए और वारदात के पीछे किसका निर्देश था।


