रांची: अपराध अनुसंधान विभाग(CID) ने JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में गड़बड़ी और अभ्यर्थियों को गलत तरीके से अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. CID ने मामले के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि न्यायिक हिरासत में बंद दो अन्य आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है.
इसे भी पढ़ें : SIR विवाद पर चुनाव आयोग का फिर आया बयान, कहा- ‘हर फैसला सर्वसम्मति से, कोर्ट ने भी घोषणापत्र को दी थी मंजूरी’
प्राप्त जानकारी के अनुसार, CID थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत नामजद मुख्य अभियुक्त मनु कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मनु कुमार सिंह पर आरोप है कि उसने JSSC-CGL परीक्षा के कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया, जिनमें से कई अभ्यर्थी सफल भी हुए है.
इसके साथ ही, इसी मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में बंद दो अन्य आरोपियों को भी CID ने रिमांड पर लिया है. इन आरोपियों में कुन्दन कुमार (पिता- रामलाल राम, निवासी- डुमरी, पो. नावाडीह बाजार, जिला- पलामू) और समीर कुमार (पिता- स्वर्गीय प्रदीप कुमार, निवासी- बेंगाबाद, जिला- गिरिडीह) शामिल हैं. CID अब इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस परीक्षा घोटाले से जुड़े अन्य नेटवर्क और लोगों का पता लगाया जा सके. मामले की आगे की जांच जारी है.


