बिजनेस: पश्चिम बंगाल में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर गुरुवार को एक अहम बैठक हो सकती है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी आज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में राज्य में नए उद्योग, निवेश और कई बड़ी परियोजनाओं को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
Highlights:
‘अडानी आरोग्य मंदिर’ का होगा शिलान्यास
गौतम अडानी बुधवार रात कोलकाता पहुंचे। गुरुवार सुबह वह सबसे पहले कालीघाट मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद न्यू टाउन में बनने वाले 2,000 बेड के ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शामिल होंगे।
नबान्न में निवेश को लेकर होगी चर्चा
अस्पताल के शिलान्यास के बाद गौतम अडानी राज्य सचिवालय यानी नबान्न में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। यहां बंगाल में आने वाली नई औद्योगिक परियोजनाओं, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
अधिकारियों के साथ भी करेंगे बैठक
मुख्यमंत्री से मुलाकात से पहले गौतम अडानी ताज बंगाल होटल में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग विभाग के अधिकारियों से भी मिलेंगे। इस बैठक में अलग-अलग निवेश प्रस्तावों और उनसे जुड़े कामों पर चर्चा की जाएगी।अडानी ग्रुप की ओर से बंगाल की ऐतिहासिक इमारतों और जगहों के विकास में भी भागीदारी की संभावना जताई जा रही है। इसमें राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार और कुम्हारटोली घाट के विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं।
निवेश और रोजगार बढ़ाने पर सरकार का फोकस
राज्य सरकार बंगाल में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाने और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने पर जोर दे रही है। सरकार का कहना है कि बड़े निवेश से राज्य में नए रोजगार के मौके भी बनेंगे। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री की देश के बड़े उद्योगपतियों के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं।


