क्राइम डेस्क: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर डबल डेकर स्लीपर बस आग का गोला बन गई। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं। देर रात से करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को बस की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया। राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली से मोहबा जा रही थी।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार की सड़क दुर्घटना में मौत, जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुआ हादसा
पांच घंटे चला रेस्क्यू
आग की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी थी और अंदर से लगातार धुआं निकल रहा था। आग पर काबू पाने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान घंटों सुलगता रहा। सुरक्षा टीमों ने बस की अलग-अलग जगहों की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी शव और मिले अंग कैलाश अस्पताल भेजे गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य कराया गया। उपजिलाधिकारी जेवर ने सुरक्षित बचे यात्रियों को जेवर टोल पर प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद प्रशासन ने यात्रियों को टेंपो ट्रेवलर से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने (X) पर पोस्ट डालकर लिखा कि एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।


