News Desk: भोपाल में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 29 साल के युवक को घर बैठे कमाई का झांसा देकर 4.73 लाख रुपए ठग लिए गए. मामला हाल का है और शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है. खास बात यह है कि ठगी की शुरुआत सिर्फ कुछ छोटे टास्क से हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे यह बड़ा जाल बन गया.
Highlights:
इसे भी पढ़े: महाराष्ट्र के ठाणे में FDA की कार्रवाई, कॉकरोच-चूहे के बीच बन रहा था नमकीन, 11 यूनिट्स सील
छोटे टास्क, भरोसा और फिर बड़ा झटका
युवक को टेलीग्राम पर एक मैसेज मिला, जिसमें कहा गया कि गूगल पर होटल और दुकानों को 5 स्टार रिव्यू देने पर पैसे मिलेंगे. शुरुआत में उसे 2-3 आसान टास्क दिए गए. उसने रिव्यू दिए और बदले में तुरंत पैसे भी मिले. यही वह मोड़ था, जहां उसे लगा कि यह एक सही पार्ट टाइम काम है, लेकिन इसके बाद ठगों ने उसे VIP टास्क और बोनस का लालच देना शुरू किया. कहा गया कि अगर वह ज्यादा पैसे लगाएगा तो उसे कई गुना रिटर्न मिलेगा. युवक लालच और भरोसे में आता गया. हर बार उसे कहा गया कि अगला टास्क पूरा करते ही पूरा पैसा वापस मिल जाएगा. इसी उम्मीद में उसने कुल 4.73 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए. इतना ही नहीं, पैसे फंसने के बाद उसने 2 लाख रुपए का पर्सनल लोन लेकर भी भुगतान किया, लेकिन वह रकम भी वापस नहीं मिली.
कैसे काम करता है यह पूरा स्कैम
यह स्कैम बहुत प्लानिंग के साथ किया जाता है. साइबर ठग पहले छोटे पेमेंट देकर भरोसा जीतते हैं. फिर धीरे-धीरे टास्क का लेवल बढ़ाया जाता है और सिक्योरिटी डिपॉजिट, प्रोसेसिंग फीस, VIP टास्क या रिफंड के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं. जैसे ही बड़ी रकम जमा हो जाती है, ठग संपर्क तोड़ देते हैं. गूगल कभी रिव्यू लिखने के पैसे नहीं देता. इसके बावजूद लोग रोज 3-5 हजार कमाने के लालच में ऐसे मैसेज पर भरोसा कर लेते हैं. खासकर स्टूडेंट्स, हाउसवाइफ और पार्ट टाइम इनकम तलाश रहे लोग इस जाल में जल्दी फंसते हैं.
कैसे बचें स्कैम से
साइबर एक्सपर्ट्स साफ कहते हैं कि जहां बिना मेहनत के ज्यादा कमाई का दावा हो, वहां सतर्क हो जाएं. किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम या व्हाट्सएप ऑफर पर भरोसा न करें. अगर कोई आपसे पैसे जमा करने को कहता है, तो यह साफ संकेत है कि मामला संदिग्ध है.
अगर आप ऐसे किसी स्कैम का शिकार हो जाते हैं, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें. साथ ही चैट, स्क्रीनशॉट और ट्रांजैक्शन डिटेल्स संभालकर रखें, ताकि जांच में मदद मिल सके.

