रांची : राजधानी रांची में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुलाई महीने में ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1,20,197 चालान काटे गए, जबकि 1,015 मामलों में अभियोजन की कार्रवाई की गई। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
इसे भी पढ़ें: झारखंड की वांछित मानव तस्कर दिल्ली से गिरफ्तार, खूंटी की एक पीड़िता का किया गया रेस्क्यू
सबसे अधिक कार्रवाई नो-पार्किंग और सड़क पर वाहन खड़ा करने के मामलों में हुई, जहां 56,032 चालान काटे गए। वहीं बिना हेलमेट चलने वाले 51,055 वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा गया। इसके अलावा रेड लाइट जंप करने पर 4,471, ओवर स्पीड पर 2,367, नो एंट्री उल्लंघन पर 1,547 और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 505 चालान किए गए।
ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई महीने के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, सीट बेल्ट नहीं लगाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की। इसके साथ ही 984 मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने तथा 17 ऑटो/टोटो और 14 नंबर प्लेट संबंधी मामलों में अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान के दौरान काटे गए चालानों की कुल राशि करीब 7.80 करोड़ रुपये रही। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे मोटरयान अधिनियम के नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार ढंग से वाहन चलाएं।


