हजारीबाग : बुधवार देर रात बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब गैंगस्टर प्रिंस खान के हथियारबंद गुर्गों और पुलिस के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच पुलिस की सटीक जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक शूटर पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
इसे भी पढ़ें : पलामू में अपराधियों ने दो लोगों को मारी गोली, महिला पर चाकू से वार, तीनों की हालत गंभीर
पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया, जबकि उसके साथी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि प्रिंस खान गैंग के अपराधी कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी वसूलने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रणनीतिक तरीके से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम चिन्हित जंगल क्षेत्र में पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग में एक शूटर को घायल कर दबोच लिया। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जंगलों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है


